देश
दिल्ली पुलिस ने आप (AAP) राज्यसभा सांसद के बयान दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व पीए के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसी के बाद स्वाति मालीवाल मेडिकल जांच के लिए गुरुवार देर रात एम्स पहुंची, जिसके तुरंत बाद पुलिस विभव कुमार के आवास पर पहुंची।
हालांकि, पुलिस को आरोपी विभव कुमार घर पर नहीं मिला और बताया गया कि सिर्फ उनकी पत्नी मौजूद थीं। इधर, एम्स में मेडिकल जांच के बाद स्वाति मालीवाल भी अपने घर पहुंच गईं हैं।
दरअसल, आप सांसद स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाए थे कि उनके साथ सीएम आवास में बदसलूकी हुई थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस को अपनी लिखित शिकायत दी। साथ ही अपने बयान में बताया कि उनके साथ मारपीट की गई। उनके पेट पर मारा गया।
दिल्ली पुलिस की एक टीम स्वाति मालीवाल के घर पहुंची थी, जहां उनसे चार घंटे तक पूछताछ के बाद उनके बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद मालीवाल का मेडिकल भी किया जाएगा, जिसके लिए वो देर रात एम्स अस्पताल भी पहुंचीं।