राजनीती
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी यदि लोकसभा चुनाव के बाद फिर से केंद्र की सत्ता में आई तो वह संविधान बदल देगी और आरक्षण समाप्त कर देगी।
आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल ने यहां समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, "इन लोगों की पूरी तैयारी है कि अगर ये जीत गये तो संविधान को बदल कर अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्ग का आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा।''
उन्होंने कहा, ''अगर ये लोग जीत गये तो योगी आदित्यनाथ को दो से तीन माह के अंदर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाएगा।'' केजरीवाल ने कहा, ''मैंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को दो महीने में हटा दिया जाएगा तो इस पर अभी तक भाजपा के किसी नेता की टिप्पणी नहीं आई। इसका मतलब, यह बात पक्की है कि उन्होंने योगी को हटाने की पूरी योजना बना ली है।'' प्रधानमंत्री मोदी अमित शाह के लिए वोट मांग रहे आप नेता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने लिए नहीं, बल्कि गृह मंत्री अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब 2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने थे तो उन्होंने खुद एक नियम बनाया था कि भाजपा के अंदर और उनकी सरकारों में 75 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति होगा तो उसे संगठन और सरकार में किसी भी पद पर नहीं रखा जायेगा और 'रिटायर' कर दिया जाएगा। इस नियम के तहत सबसे पहले लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को और उनके बाद दूसरे नेताओं को रिटायर किया गया। उन्होंने कहा कि अगले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी 75 साल के हो जाएंगे और उन्होंने तय कर लिया है कि वह अमित शाह को अपना उत्तराधिकारी बनाएं।