देश

देश

शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब सीबीआई की रडार पर भी हैं। बीआरएस नेता के कविता की रिमांड को लेकर अदालत पहुंची सीबीआई ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी नाम लिया और उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत होने की बात कही।केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा है कि उसके पास वॉट्सऐप चैट और सह आरोपियों के बयान भी हैं।


कथित शराब घोटाले में पहले ईडी और फिर सीबीआई की ओर से गिरफ्तार की गईं के कविता की पांच दिन की रिमांड मांगते हुए सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट में उन्हें पेश किया। सुनवाई के दौरान सीबीआई के वकील ने तिहाड़ में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी नाम लिया। उन्होंने कहा, 'साउथ ग्रुप के एक शराब कारोबारी ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की और दिल्ली में अपने कारोबार के लिए मदद मांगी। केजरीवाल ने उन्हें मदद का भरोसा दिया.... हमारे पास पर्याप्त सामग्री (सबूत) है, वॉट्सऐप चैट और संबंधित आरोपियों के बयान।'