अंतर्राष्ट्रीय
मलेशिया में जूते बनाने वाली कंपनी 'वर्न होल्डिंग 'के 'लोगो' को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कंपनी के द्वारा जूते पर छापे गए लोगो को लेकर मुस्लिम समुदाय ने आपत्ति जताई है। मुस्लिम समुदाय का कहना है कि कंपनी का 'लोगो' अरबी भाषा के ''अल्लाह'' शब्द से मिलता-जुलता है।
वहीं जूते बनाने वाली कंपनी 'वर्न होल्डिंग्स' ने सफाई देते हुए कहा है कि ऊंची एड़ी के जूतों के तलवों पर 'लोगो' को अंकित किया गया है। हालांकि, कंपनी ने स्वीकार किया कि डिजाइन में खामी के कारण 'लोगो' गलत छप गया। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने जूतों की बिक्री रोक दी है और उन्हें खरीदने वाले ग्राहकों को उसकी कीमत वापस करने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही कंपनी 'वर्न' ने सोशल मीडिया पर अपने एक बयान में कहा है कि ''हमारा इरादा किसी भी धर्म या आस्था को नीचा दिखाना या अपमान करना नहीं था। प्रबंधन माफी मांगता है। हम क्षमा की आशा रखते हैं ताकि इस गलती को सुधार सकें।''