अंतर्राष्ट्रीय
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की स्टॉर्मी डेनियल्स को पैसे देकर चुप कराने के मामले में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप के खिलाफ मामले में ट्रायल की तारीख तय हो गई है।
न्यूयॉर्क के एक जज ने मामले में सुनवाई की तारीख 15 अप्रैल निर्धारित की है। ट्रंप के खिलाफ यह पहला आपराधिक मुकदमा होगा।
पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले अपने साथ कथित संबंध के बारे में चुप रहने के लिए एडल्ट फिल्म स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को 130,000 अमेरिकी डॉलर का भुगतान करने का आरोप लगा है। ट्रंप ने अपने तत्कालीन प्रबंधक माइकल कोहेन के जरिये इस रकम का भुगतान किया था। इसके अलावा उन पर व्यावसायिक रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, ट्रंप ने इन आरोपों का खंडन किया है और खुद को बेदाग बताया है।