राजनीती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, पीएम सूर्य घर योजना के लिए देश के सभी हिस्सों में पंजीकरण कराए जा रहे हैं. असम, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में 5 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं. ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है वे भी जल्द से जल्द करा लें.
क्या है पीएम सूर्य घर योजना
पीएम सूर्य घर योजना के तहत देश में रह रहे गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली मिलेगी. इस योजना का लाभ 1 करोड़ परिवारों को दिया जाएगा. इस स्कीम में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने वाले लोगों को सब्सिडी दी जाएगी. यदि कोई परिवार इस स्कीम के तहत 1 किलोवाट का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाता है तो उस व्यक्ति को 30,000 की सब्सिडी दी जाएगी, 2 किलोवाट सिस्टम के लिए 60,000 और 3 किलोवाट सिस्टम के लिए 78,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी. इस योजना से जुड़े आवेदन और शर्तों के लिए https://pmsuryaghar.gov.in/ जा सकते हैं.
इसके अलावा, पैदा होने वाली अतिरिक्त बिजली को बेचकर सालाना 17 से 18 हजार रुपये तक की कमाई भी की जा सकती है. इस योजना के तहत साल 2026 तक 40 हजार मेगावाट बिजली बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना का फायदा उठाने वाले उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम आएगा और सालाना 18,000 रुपये तक की बचत होगी.