प्रदेश

प्रदेश

*बाबतपुर बेहतर सेवा देने वाला तीसरा एयरपोर्ट*


यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के मामले में लाल बहादुर शास्त्रत्त्ी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट देश में तीसरे स्थान पर आया है। पिछले वर्ष की तुलना में यह दो रैंक लुढ़क गया है।

एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी सर्वे अक्तूबर से दिसम्बर के बीच 13 हवाई अड्डों पर हुआ था। सर्वे में इंदौर एयरपोर्ट पहले और चेन्नई एयरपोर्ट दूसरे स्थान पर आया है। चेन्नई व वाराणसी का अंक 4.90 बराबरी पर है, लेकिन विश्व रैंकिंग में चेन्नई की रैकिंग बेहतर होने के कारण उसे दूसरा स्थान दिया गया।

एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं के संबंध में एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) की ओर से एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वे कराया जाता है। सर्वे में इंदौर, गोवा, अमृतसर, वाराणसी, कोलकाता, रायपुर, कालीकट, विशाखापत्तनम, भुवनेश्वर, चेन्नई, श्रीनगर आदि एयरपोर्ट शामिल थे। अक्तूबर से दिसंबर 2023 तक आखिरी तिमाही में हुए सर्वे में वाराणसी एयरपोर्ट को 4.90 की रेटिंग प्राप्त हुआ था जबकि वर्ष 2022-23 में 4.97 अंक के साथ एयरपोर्ट प्रथम स्थान पर था।

सर्वे में यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया जाता है। इसमें एयरपोर्ट पर वाहन पार्किंग सुविधा, वाहन शुल्क, सुरक्षा चेकिंग, सुरक्षाकर्मियों की दक्षता व उनका व्यवहार, सुरक्षा जांच में लगने वाला समय, टर्मिनल भवन में चलने की दूरी आदि के बारे में फीडबैक लिया जाता है। फ्लाइट इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम, खाने-पीने की सुविधा के साथ बैंक एटीएम, शॉपिंग, इंटरनेट वाईफाई, बाथरूम, टर्मिनल की स्वच्छता, वातावरण, पैकेज डिलीवरी सिस्टम समेत 35 सवाल होते हैं। फीडबैक के आधार पर सत्यापन एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल टीम करती है।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा, हम भले ही तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन गर्व की बात है कि दूसरे स्थान पर आए चेन्नई के बराबर वाराणसी को रैंकिंग मिली है। अगले सर्वे में हमारी कोशिश पहला स्थान प्राप्त करने की होगी।