देश

देश

*गायत्री प्रजापति की करीबी के घर से 5 करोड़ बरामद:* 


दीवार के अंदर छिपा रखे थे नोटों के बंडल; विधायक पत्नी लखनऊ रेफर

~~~~~~~~~~~


पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और उनकी महिला मित्र गुड्डा देवी के अमेठी स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी देर रात तक जारी रही। गुड्‌डा देवी के घर से ईडी ने दीवार तोड़कर नोटों का बंडल बरामद किया है। नोट गिनने के लिए मशीन मंगाई गई। दोनों के ठिकानों पर करीब 15 घंटे तक रेड चली।

उधर, गायत्री प्रजापति की पत्नी सपा विधायक महाराजी देवी की तबीयत रात को ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है। हिरासत में लिए गए बेटे अनुराग प्रजापति को देर रात ईडी ने छोड़ दिया। आज उनके परिवार को ईडी ने फिर पूछताछ के लिए लखनऊ बुलाया है।

बताते चलें कि, गुरुवार की सुबह साढ़े 5 बजे 4 लग्जरी गाड़ियों से ईडी की 2 टीमें अमेठी में आवास विकास कॉलोनी पहुंची और पूर्व मंत्री गायत्री के घर पर रेड डाली। घर में मौजूद विधायक महाराजी प्रजापति और उनके परिवार के सदस्य जब तक कुछ समझ पाते, तबतक ईडी ने अपनी पूछताछ शुरू कर दी।