पीएम मोदी वाराणसी में करेंगे 25 किमी. का रोड शो: एयरपोर्ट से BLW तक 6 जगह होगा भव्य स्वागत, रविदास जयंती समारोह में 1 लाख श्रद्धालुओं के साथ छकेंगे लंगर
पीएम मोदी वाराणसी में करेंगे 25 किमी. का रोड शो:
एयरपोर्ट से BLW तक 6 जगह होगा भव्य स्वागत, रविदास जयंती समारोह में 1 लाख श्रद्धालुओं के साथ छकेंगे लंगर
श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को वाराणसी आ रहे हैं। रात को 9 बजे विशेष विमान से प्रधानमंत्री बाबतपुर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। बाबतपुर से बीएलडब्लू तक भव्य रोड शो करेंगे। शहर में छह जगह प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। श्रीराम के जयघोष के साथ काशी में प्रधानमंत्री का बीजेपी के कार्यकर्ता और आमजन अभिनदंन करेंगे।
वाराणसी के सर्किट हाउस में बीजेपी की तरफ से प्रेस कॉफ्रेंस कर पीएम मोदी के दौरे को लेकर जानकारी दी गई। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री वाराणसी में करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही करखियांव में एक लाख से अधिक लोगों से प्रधानमंत्री संवाद भी करेंगे।
*प्रधानमंत्री का वाराणसी में 23 फरवरी को कार्यक्रम*
दो दिवसीय दौरे पर आने के बाद पीएम मोदी 23 फरवरी को तीन कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। सुबह 10 बजे पहला कार्यक्रम बीएचयू स्वतंत्रता भवन में होगा, जिसमें पीएम BLW से पहुंचकर शिरकत करेंगे। इसमें सांसद ज्ञान प्रतियोगिता, सांसद फोटोग्राफी और संस्कृत परीक्षा के विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। इसके अलावा संस्कृत विश्वविद्यालय के 22 विभागों के 66 को पुरस्कार देंगे। छात्रों से संवाद करेंगे।
यहां से सड़क मार्ग सीर गोवर्धन जाएंगे। संत रविदास मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे, प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी लंगर और फिर करखियांव के लिए रवाना होंगे।
करखियांव में पीएम मोदी प्लांट का निरीक्षण करेंगे। 10 जिलों की बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
*पीएम मोदी की जनसभा में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की जुटान*
पीएम मोदी की जनसभा में बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। विधानसभावार 5-5 हजार कार्यकर्ताओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान पीएम मोदी करखियांव से 36 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।