कमलनाथ आज मोदी-शाह से मिल सकते हैं: भाजपा में एंट्री की अटकलें, कई समर्थक नेता दिल्ली पहुंचे; 30 विधायकों ने सुझाई राह
कमलनाथ आज मोदी-शाह से मिल सकते हैं:
भाजपा में एंट्री की अटकलें, कई समर्थक नेता दिल्ली पहुंचे; 30 विधायकों ने सुझाई राह
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसी संभावना है कि दोनों नेता रविवार को पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कमलनाथ को पार्टी के 30 विधायकों ने नया रास्ता सुझाया है।
इससे पहले शनिवार दोपहर को कमलनाथ और नकुलनाथ दिल्ली पहुंचे। मीडिया ने जब उनसे बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने इससे इनकार नहीं किया। अब उनकी बीजेपी में कब एंट्री होती है, इसकी तस्वीर रविवार शाम तक साफ हो सकती है।
*मोदी-शाह से आज शाम तक हो सकती है मुलाकात*
दिल्ली के भारत मंडपम् में बीजेपी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को समापन होगा। समापन सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। संभव है कि अधिवेशन खत्म होने के बाद नाथ पिता-पुत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं।
*कमलनाथ भाजपा में जाते हैं को कांग्रेस को एक हफ्ते में दूसरा झटका*
नाथ भाजपा में शामिल होते हैं, तो एक हफ्ते में कांग्रेस छोड़ने वाले दूसरे पूर्व सीएम होंगे। 12 फरवरी को ही महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल हुए थे। अब तक 12 पूर्व सीएम कांग्रेस छोड़ भाजपा में जा चुके हैं।
*30 विधायकों ने ही भाजपा में जाने का रास्ता सुझाया*
सूत्रों के अनुसार, 30 विधायकों ने अलग-अलग समय पर कमलनाथ से भाजपा में शामिल होने की अपील की थी। उनका कहना था कि राज्य के विकास के लिए ये जरूरी है। यही 30 विधायक खुद भी कमलनाथ के साथ भाजपा में जा सकते हैं। बशर्ते उन्हें टिकट की गारंटी मिले।कमलनाथ के दिल्ली पहुंचते ही कई समर्थक भी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके कट्टर समर्थक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा बोले- रविवार सुबह दिल्ली जा रहा हूं। वहां नाथ से मुलाकात करूंगा। उनसे मैं पिछले 40 साल से जुड़ा हूं। वे जहां भी जाएंगे, वहां मुझे भी जाना ही पड़ेगा। उनसे मैं अनुरोध करूंगा कि जो भी निर्णय हो, सामूहिक हो।
*बीजेपी में शामिल हो सकते हैं कांग्रेस के कई विधायक*
कमलनाथ के दिल्ली पहुंचने के साथ ही पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा भी दिल्ली पहुंच गए। ऐसा कहा जा रहा है कि नाथ के साथ छिंदवाड़ा जिले के सभी कांग्रेस विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा तीन महापौर और करीब छह से आठ पूर्व विधायक भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।