केजरीवाल बोले- भाजपा सत्ता के लिए देश बेच सकती है
केजरीवाल बोले- भाजपा सत्ता के लिए देश बेच सकती है
चंडीगढ़ मेयर जैसे छोटे चुनाव में गड़बड़ी की, लोकसभा में पता नहीं क्या करेंगे
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) चंडीगढ़ मेयर चुनाव में गड़बड़ी के आरोप में प्रदर्शन कर रही है। इसमें सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान भी शामिल हुए। दोनों सीएम समेत आप कार्यकर्ता भाजपा हेडक्वार्टर का घेराव करने के लिए निकले। प्रदर्शन से पहले केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
केजरीवाल ने कहा- चंडीगढ़ में हमारी पार्टी का मेयर बने या उनकी (BJP) पार्टी का, हमें फर्क नहीं पड़ता। पार्टियां आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। भाजपा ने चुनाव के साथ खिलवाड़ करना शुरू कर दिया है।
अगर भाजपा चंडीगढ़ मेयर जैसे छोटे चुनाव में इतनी बड़ी गड़बड़ी कर सकती है, तो लोकसभा चुनाव में पता नहीं क्या करेंगे। ये सत्ता के लिए देश को भी बेच सकते हैं। चंडीगढ़ का चुनाव दिखाता है कि इनके (BJP) पाप का घड़ा भर गया। जब पाप का घड़ा भर जाता है तो प्रकृति अपनी झाड़ू चलाती है।