मेरा जितना अपमान अशोक गहलोत ने किया, उतना कोई नहीं कर सकताः वसुन्धराराजे
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धराराजे ने कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 2023 में होने वाली हार से भयभीत होकर झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने उन गृहमंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया है, जिनकी ईमानदारी और सत्य निष्ठा सर्व विदित है।
राजे ने कहा कि रिश्वत लेना और देना दोनों अपराध हैं, यदि उनके विधायकों ने पैसा लिया है तो एफआईआर दर्ज करवाएं। सच तो यह है कि अपनी ही पार्टी में हो रही बग़ावत और रसातल में जाते जनाधार के कारण बौखलाहट में उन्होंने ऐसे अमर्यादित और असत्य आरोप लगाए हैं।
पूर्व सीएम ने कहा कि विधायकों की ख़रीद फ़रोख़्त की जहाँ तक बात है, इसके महारथी तो स्वयं अशोक गहलोत हैं। जिन्होंने साल 2008 और 2018 में अल्पमत में होने के कारण ऐसा किया था। उस वक्त न भाजपा को बहुमत मिला था और न ही कांग्रेस को। उस समय चाहते तो हम भी सरकार बना सकते थे। लेकिन यह भाजपा के सिद्धांतों के ख़िलाफ़ था। इसके विपरीत गहलोत ने अपने लेन-देन के माध्यम से विधायकों की व्यवस्था कर दोनों समय सरकार बनाई थी।
मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा मेरी तारीफ़ करना मेरे ख़िलाफ़ उनका बड़ा षड्यंत्र है। मेरा जितना जीवन में अपमान गहलोत ने किया। उतना कोई कर ही नहीं सकता। वे साल 2023 के चुनाव में होने वाली ऐतिहासिक हार से बचने के लिए ऐसी मनगढ़ंत कहानियाँ गढ़ रहें है, जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उनकी ये चाल कामयाब होने वाली नहीं है।