देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने के आरोप में सरकार ने 10 यूट्यूब चैनलों को सस्पेंड किया
भारत सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय ने 10 ऐसे यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है, जो देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने और भ्रामक खबरों के माध्यम से मित्र देशों के साथ सम्बंधों को खराब करने का काम कर रहे थे। इन चैनलों के 45 वीडियो को भी पूरी तरह ब्लॉक करने के निर्देश मंत्रालय की तरफ से दिए गए हैं। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर मंत्रालय ने यूट्यूब को 10 चैनलों से 45 वीडियो को ब्लॉक करने का निर्देश दिया है। इन वीडियो को 1 करोड़ 30 लाख से अधिक बार देखा गया था। जानकारी के मुताबिक इन वीडियो में धार्मिक समुदायों के बीच घृणा फैलाने के इरादे से फेक समाचार और मॉर्फ वीडियो शामिल थे। इन वीडियो में झूठा प्रचार किया जा रहा था, कि सरकार ने कुछ समुदायों के धार्मिक अधिकारों को छीन लिया है और धार्मिक समुदायों के खिलाफ हिंसक धमकी शामिल हैं।
वहीं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मंत्रालय ने 10 यूट्यूब चैनलों को देश के खिलाफ जहर उगलने वाले, भ्रामक खबरों के माध्यम से मित्र देशों के साथ सम्बंधों को खराब करने का प्रयास करने के लिए प्रतिबंध लगा कर उन्हें सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में ये पहले भी किया है और आगे भी करेंगे।
गौरतलब है कि देशविरोधी सामग्री प्रचारित करने वाले अब तक 102 यूट्यूब वीडियो को सरकार की तरफ से ब्लॉक किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्विटर और इंस्टाग्राम के एकाउंट भी ब्लॉक किए गए हैं।